एनयूजेआई का तीन दिवसीय राष्ट्रीय पत्रकार अधिवेशन शनिवार से, देश भर से जुटेंगे कलमकार

WhatsApp Channel Join Now
एनयूजेआई का तीन दिवसीय राष्ट्रीय पत्रकार अधिवेशन शनिवार से, देश भर से जुटेंगे कलमकार


जयपुर, 27 नवम्बर (हि. स.)। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, इंडिया (एनयूजेआई) का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन जयपुर में भगवान श्री परशुराम भवन विद्याधर नगर में आगामी 28, 29 और 30 नवम्बर को होने जा रहा है। इस पत्रकार महाकुंभ में देशभर से पत्रकार, संपादक और मीडियाकर्मी भाग लेंगे। अधिवेशन की मेजबानी एनयूजेआई की राज्य संबद्ध इकाई 'जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान' (जार) द्वारा की जा रही है।

एनयूजेआई के राष्ट्रीय महासचिव राकेश कुमार शर्मा एवं कोषाध्यक्ष रामचंद्र कन्नोजिया ने बताया कि इस अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य भारतीय पत्रकारिता के भावी स्वरूप और पत्रकारों के हितों व अधिकारों की रक्षा करना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महाकुंभ में पांच विशेष सत्र होंगे, जिनमें हिंदी पत्रकारिता के दो शताब्दियों के सफर एवं भविष्य, मीडिया में आ रहे अभूतपूर्व अवसरों और वर्तमान दौर की उभरती चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

वहीं, सोशल मीडिया के तीव्र प्रसार के बीच मुख्यधारा मीडिया की साख बचाना, फेक न्यूज के प्रसार पर रोक लगाना और मीडिया की साख को पुनः स्थापित करने के व्यावहारिक समाधान ढूंढना चर्चा के विषय होंगे।

देशभर में पत्रकारों पर बढ़ रहे हमलों को देखते हुए 'पत्रकार सुरक्षा कानून' लागू करने, 'मीडिया काउंसिल' और 'नेशनल जर्नलिस्ट्स रजिस्टर' के गठन की मांग पर विचार मंथन होगा।

जार राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी, प्रदेश महासचिव सुरेश पारीक, जार जयपुर शहर अध्यक्ष लेशिश जैन तथा जयपुर ग्रामीण अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि अधिवेशन का विधिवत उद्घाटन 29 नवम्बर को सुबह 11 बजे से होगा। राजस्थान विधानसभा के स्पीकर वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, जयपुर मेयर सुनील कोठारी, विधायक गोपाल शर्मा, भाजपा राजस्थान के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता राम लाल शर्मा होंगे। मुख्य वक्ता फर्स्ट इंडिया के सीएमडी जगदीश चंद्रा होंगे। अधिवेशन की अध्यक्षता यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल करेंगे। अधिवेशन में राजस्थान के अलावा हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, आसाम, त्रिपुरा, झारखंड, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरलम, आन्ध्र प्रदेश आदि राज्यों से पत्रकार आ रहे हैं। उड़ीसा के पत्रकार साथी शुक्रवार को पहुंच गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story