उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा आयोजित किया गया स्वच्छता प्रदर्शनी एवं ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम
जयपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में स्वच्छता को बढ़ावा देने, यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान-6.0 के अंतर्गत शुक्रवार को जयपुर स्थित पत्रिका गेट पर स्वच्छता प्रदर्शनी एवं ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्म, प्रदर्शनी एवं प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के स्वागत संबोधन में उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि विशेष अभियान-6.0 के उद्देश्यों एवं रेलवे में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने स्वच्छता प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा आमजन को रेलवे में स्वच्छता संबंधी पहलों, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को स्वच्छ रेल परिसर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा आमजन एवं यात्रियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से रेलवे सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने, स्वच्छता व्यवस्था में निरंतर सुधार करने तथा स्वच्छ रेल वातावरण विकसित करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान अपर महाप्रबंधक जे.एस लाकरा मंडल रेल प्रबंधक जयपुर मंडल रवि जैन सहित मुख्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया मीडिया के प्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

