इलेक्ट्रिक इंजन से जल्द दौड़ेगी बीकानेर-मिरज सुपरफास्ट

WhatsApp Channel Join Now
इलेक्ट्रिक इंजन से जल्द दौड़ेगी बीकानेर-मिरज सुपरफास्ट


जोधपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे पूर्ण विद्युतीकरण का लाभ उठाते हुए ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से डीजल इंजन के स्थान पर इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित कर रहा है। इसी क्रम में ट्रेन संख्या 20475/20476 बीकानेर-जोधपुर-मिरज साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस को भी शीघ्र ही इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित किया जाएगा।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव की उपलब्धता के अनुसार विभिन्न ट्रेनों में डीजल ट्रैक्शन के स्थान पर इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन अपनाया जा रहा है। इससे पूर्ण विद्युतीकरण का बेहतर उपयोग होगा तथा ट्रेन संचालन अधिक सुगम,दक्ष और विश्वसनीय बनेगा। उन्होंने बताया कि बीकानेर से चलकर जोधपुर होते हुए मिरज तक जाने वाली ट्रेन संख्या 20475/20476 बीकानेर-मिरज सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस को प्रारंभिक स्टेशन से अंतिम स्टेशन तक डीजल इंजन के स्थान पर इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव से संचालित करने की योजना है।

इसके लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा शीघ्र ही इलेक्ट्रिक लोको उपलब्ध कराया जाएगा। इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन अपनाए जाने से परिचालन दक्षता में वृद्धि होगी, लोको परिवर्तन की आवश्यकता कम होगी तथा ऊर्जा दक्ष, पर्यावरण-अनुकूल और अधिक सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story