आयुर्वेद विश्वविद्यालय शिविर में मिल रहा आयुर्वेद, योग एवं अनुशासित जीवनशैली का समग्र लाभ
जोधपुर, 14 मई (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सात दिवसीय आवासीय मधुमेह चिकित्सा शिविर संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय में 17 मई तक संचालित किया जाएगा। शिविर में पंजीकृत मरीज उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयुर्वेद, योग एवं स्वास्थ्य केंद्रित जीवनशैली का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविन्द सहाय शुक्ल प्रतिदिन शिविर में पहुंचकर स्वयं मरीजों से संवाद कर रहे हैं तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे हैं। शिविर आयोजन समिति के सह सचिव डॉ. ब्रह्मानंद शर्मा ने बताया कि शिविर में रोगियों के लिए सुबह उठने से लेकर रात्रि विश्राम तक की विशेष एसओपी तैयार की गई है, जिसका नियमित पालन करवाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन रोगियों को प्रात:काल गुनगुना जल एवं मेडिकेटेड जल दिया जाता है, जिसके बाद योग, प्राणायाम एवं ध्यान सत्र आयोजित किए जाते हैं। रोगियों के लिए नाश्ता एवं भोजन भी उनकी स्वास्थ्य आवश्यकताओं के अनुसार विशेष रूप से कस्टमाइज किया गया है।
शिविर में प्रतिदिन सभी प्रतिभागियों के ब्लड शुगर स्तर एवं अन्य वाइटल्स की नियमित जांच की जा रही है। साथ ही रात्रि 8 बजे तक सभी रोगियों को विश्राम प्रेरित किया जाता है ताकि शरीर की जैविक दिनचर्या संतुलित बनी रहे। चिकित्सालय अधीक्षक प्रोफेसर ए नीलिमा रेड्डी ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों एवं नर्सिंग कर्मियों की समर्पित टीम दिन-रात सेवाएं दे रही है, जिससे मरीजों को समुचित चिकित्सा एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन मिल रहा है। शिविर के दौरान रोगियों को आयुर्वेदिक औषधियां, स्वास्थ्यवर्धक पेय, विशेष डाइट व्यवस्था, पंचकर्म एवं प्राकृतिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। साथ ही जीवनशैली सुधार एवं स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से प्रतिभागियों को दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभ के लिए जागरूक किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

