आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु ने किया विद्यार्थियों से वन-टू-वन संवाद

WhatsApp Channel Join Now
आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु ने किया विद्यार्थियों से वन-टू-वन संवाद


छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए महिला शिक्षिकाओं को बनाया मेंटर

जोधपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल ने प्राचार्य एवं वरिष्ठ आचार्यो के साथ विश्वविद्यालय परिसर स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (पीजीआईए), यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी, योग एवं नेचुरौपैथी तथा बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही परिसर स्थित महाविद्यालयों में छात्राओं की समस्याओ के समाधान के लिए महिला शिक्षिकाओं को मेंटर बनाया गया। जिससे छात्राएं अपनी समस्याओं से अवगत करा सके।

निरीक्षण के दौरान कुलगुरु ने सर्वप्रथम योग नेचुरौपैथी महाविद्यालय के शिक्षकों एवं छात्रों के साथ योगाभ्यास किया, पीजीआईए स्थित आयुर्वेद महाविद्यालय की व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी का निरीक्षण किया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य ने संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं कक्षाओं के बारे में जानकारी दी।

कुलगुरु ने होम्योपैथी महाविद्यालय के विद्यार्थियों से वन-टू-वन संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल, संवेदनशीलता और रोगियों के प्रति सेवाभाव भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

विद्यार्थियों को अपने अध्ययन के प्रति समर्पित रहते हुए चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानकर भविष्य में कुशल एवं जिम्मेदार चिकित्सक बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसके पश्चात कुलगुरु ने बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुर्वेद संकाय के अधिष्ठाता प्रो. गोविंद प्रसाद गुप्ता, पी.जी.आई.ए. के प्राचार्य प्रो. चंदन सिंह तथा बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजाराम अग्रवाल, प्रो गौरव नागर उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story