आयुर्वेद, योग एवं अनुशासित जीवनशैली से मधुमेह पर नियंत्रण संभव: प्रो. शुक्ल

WhatsApp Channel Join Now
आयुर्वेद, योग एवं अनुशासित जीवनशैली से मधुमेह पर नियंत्रण संभव: प्रो. शुक्ल


जोधपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। मधुमेह (डायबिटीज) से पीडि़त लोगों के लिए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय एक विशेष सात दिवसीय आवासीय मधुमेह चिकित्सा शिविर आयोजित करने जा रहा है। यह शिविर 11 मई से 17 मई तक विश्वविद्यालय परिसर स्थित एमएस संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय में आयोजित होगा।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ला द्वारा शिविर के ब्रोशर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डायबिटीज केवल दवा से नहीं बल्कि सही दिनचर्या, संतुलित आहार, योग एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली से प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है। यह शिविर लोगों को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने आमजन से इस शिविर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में रोगियों को व्यक्तिगत परामर्श, योग प्रशिक्षण, पथ्य व्यवस्था, आयुर्वेदिक औषधि एवं पंचकर्म जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिससे उन्हें दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभ मिल सके। शिविर के आयोजन सचिव डॉ ब्रह्मानंद शर्मा ने बताया कि शिविर में सीमित सीटें उपलब्ध हैं। इच्छुक व्यक्ति शीघ्र पंजीकरण कर इस विशेष स्वास्थ्य शिविर का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

शिविर पंजीकरण शुल्क मात्र एक हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर सह-संरक्षक अखिलेश कुमार पिपल, रजिस्ट्रार डी, प्रोफेसर (डॉ.) चंदन सिंह, प्राचार्य पीजीआइए जोधपुर, आयोजन अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) ए. नीलिमा तथा संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story