आंधी की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
जयपुर, 03 मई (हि.स.)। राजधानी जयपुर में शनिवार देर शाम अचानक से मौसम परिवर्तन और तेज आंधी -तूफान में जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में बिजली का तार टूटकर बाइक सवार युवक पर गिर गया और बाइक में आग लग गई। आग में बाइक सवार युवक जिंदा जल गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से शव को सवाई मानसिंह अस्पताल के मुर्दाघर भिजवाया। रविवार सुबह गुस्साए परिजनों मुर्दाघर के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की। वहीं पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। मामला दर्ज होने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थानाधिकारी मुकेश मीना ने बताया ने बताया कि खोह -नागोरियान निवासी यूनुस शनिवार रात करीब साढ़े 8 बजे जयसिंहपुरा खोर में अपने परिचित से मिलने जा रहा था। इसी दौरान आई आंधी-तूफान के कारण हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर रोड पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से बाइक सहित यूनुस जमीन पर गिर गया। देखते ही देखते बाइक में आग लगने के साथ यूनुस भी करंट की चपेट में आते हुए जलने लगा। पुलिस ने जैसे-तैसे बिजली लाइन बंद करवाकर यूनुस को हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद रविवार को मृतक के परिजन सवाई मानसिंह अस्पताल के मुर्दाघर पहुंचे और मुर्दाघर के बाहर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसी के साथ उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। हादसे के वक्त स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को फोन कर मामले की सूचना दी। लेकिन बिजली विभाग ने लाइट बंद नहीं की। अगर समय रहते लाइट बंद हो जाती तो यूनुस की जान बच जाती। इसी के साथ मृतक के परिजनों ने आर्थिक सहायता की मांग की। पुलिस ने बिजली विभाग के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर परिजनों को शांत कराया और पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

