अलवर के पिनान क्षेत्र में बढ़ेगी पुलिस गश्त

WhatsApp Channel Join Now
अलवर के पिनान क्षेत्र में बढ़ेगी पुलिस गश्त


जयपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अलवर जिले के पिनान क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम सुनिश्चित करने के लिए 26 फरवरी से ही पुलिस गश्त बढ़ाई जा रही है।

वे प्रश्नकाल के दौरान विधायक मांगेलाल मीना द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। मंत्री ने कहा कि पिनान क्षेत्र में नया पुलिस थाना खोलने के संबंध में नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा, हालांकि वर्तमान में इस संबंध में कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

गृह राज्य मंत्री ने लिखित जवाब में बताया कि विधानसभा क्षेत्र राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक, अलवर के अधीन पुलिस थाना राजगढ़, रैणी, लक्ष्मणगढ़ और धौलागढ़ देवी संचालित हैं। इसके अलावा सिटी राजगढ़, गढ़ी सवाईराम और लक्ष्मणगढ़ पूर्व पुलिस चौकियां भी कार्यरत हैं। फिलहाल पुलिस थानों या चौकियों की संख्या बढ़ाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या, अपराध दर, कानून-व्यवस्था की स्थिति, वित्तीय संसाधन और पुलिस बल की उपलब्धता के आधार पर निर्णय लिया जा सकेगा।

मंत्री ने बताया कि ब्लॉक मुख्यालय रैणी में 17 पोल पर 42 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें से 9 पोल पर 21 कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि शेष कार्य प्रक्रियाधीन है। फिलहाल कैमरों की संख्या बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। रैणी थाना परिसर में लगे सभी 6 सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं।

वर्ष 2021 से 2025 के बीच राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के चारों थानों में कुल 7,991 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से 4,589 मामलों में चालान पेश किया गया, 3,305 प्रकरणों में एफआर लगाई गई, जबकि 97 मामले लंबित हैं। लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला स्तर पर मासिक समीक्षा तथा थाना स्तर पर दैनिक अपराध समीक्षा की जा रही है।

गृह राज्य मंत्री ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के तहत मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है तथा पुलिस मुख्यालय और रेंज कार्यालय द्वारा भी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story