अलवर कलक्टर की सख्ती: 31 मार्च तक योजनाओं के कार्य पूर्ण करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
अलवर कलक्टर की सख्ती: 31 मार्च तक योजनाओं के कार्य पूर्ण करने के निर्देश


अलवर , 26 फ़रवरी (हि.स.)। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मिनी सचिवालय स्थित सभागार में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने जल संचय जन भागीदारी अभियान के तहत आगामी दो माह में जिलेभर में 25 हजार से अधिक वर्षा जल संग्रहण स्ट्रक्चर तैयार करने के निर्देश दिए। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 100-100 स्ट्रक्चर के प्रस्ताव तत्काल तैयार कर कार्य शुरू करने को कहा गया।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले के 37 शौचालय विहिन बालिका विद्यालयों और 65 आंगनबाड़ियों में एक माह के भीतर शौचालय निर्माण एवं संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पिछले दो माह में 500 से अधिक आवास पूर्ण होने पर टीम की सराहना की गई। शेष आवासों को 31 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर ने विकास अधिकारियों को उपखंड अधिकारियों के साथ समन्वय कर खेल मैदानों पर हो रहे अतिक्रमण की पहचान कर 30 जून तक हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रवीन्द्र को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति सुनिश्चित करें।

बैठक में एडीएम द्वितीय योगेश डागुर, एसीईओ आरती गुप्ता, विभिन्न विभागों के अधीक्षण अभियंता एवं विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story