अलनिया स्टेशन की सिग्नलिंग हुई हाईटेक, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली शुरू

WhatsApp Channel Join Now
अलनिया स्टेशन की सिग्नलिंग हुई हाईटेक, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली शुरू


कोटा, 05 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन में संरक्षा और सिग्नलिंग व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्य पूरा किया गया है। अलनिया रेलवे स्टेशन पर पुराने सिग्नलिंग उपकरणों के स्थान पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली स्थापित कर सफलतापूर्वक चालू कर दी गई। इसकी कमीशनिंग के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार मित्तल,वरिष्ट मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता(समन्वय) राहुल जरेड़ा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीणा, उप मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता सुभाष यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे|

नई प्रणाली से स्टेशन पर ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए पॉइंट एवं सिग्नल इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नियंत्रित होंगे। इससे सिग्नलिंग व्यवस्था की विश्वसनीयता बढ़ेगी और ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।

अलनिया स्टेशन की नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली में 13 पॉइंट, 30 रूट और 17 सिग्नल शामिल हैं। स्टेशन पर चार रनिंग लाइनें तथा 28 डीसी ट्रैक सर्किट हैं। इसके साथ ही 1024 डिजिटल इनपुट क्षमता का डेटा लॉगर, अर्थ लीकेज डिटेक्टर, फ्यूज अलार्म और 300 एएच बैटरी सेट सहित आधुनिक विद्युत आपूर्ति प्रणाली का प्रावधान किया गया है।

इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के माध्यम से पॉइंट एवं सिग्नल के बीच सुरक्षित समन्वय सुनिश्चित होता है। साथ ही डेटा लॉगर एवं अन्य निगरानी उपकरणों से सिग्नलिंग प्रणाली की लगातार निगरानी और तकनीकी खराबी की समय पर पहचान करने में सहायता मिलेगी।

अलनिया स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग की शुरुआत से रेल परिचालन की संरक्षा, विश्वसनीयता और कार्यकुशलता को और मजबूती मिलेगी। कोटा मंडल में रेल संरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सिग्नलिंग प्रणाली के आधुनिकीकरण की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story