अरावली बचाओ आंदोलन: दौसा में डाक बंगले पर ताला देख भड़के कांग्रेसी, कई जिलों में पैदल मार्च और विरोध

WhatsApp Channel Join Now
अरावली बचाओ आंदोलन: दौसा में डाक बंगले पर ताला देख भड़के कांग्रेसी, कई जिलों में पैदल मार्च और विरोध


जयपुर, 27 दिसंबर (हि.स.)। अरावली पर्वतमाला के संरक्षण को लेकर शनिवार को प्रदेशभर में कांग्रेस के ‘अरावली बचाओ’ अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन हुए। कई जिलों में पैदल मार्च, रैलियां और धरना-प्रदर्शन किए गए, वहीं कुछ स्थानों पर अव्यवस्थाओं और आंतरिक मतभेदों के चलते विवाद की स्थिति भी बनी।

दौसा में कांग्रेस ने नेहरू गार्डन से गांधी तिराहे तक पैदल मार्च निकाला। महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद सभी कांग्रेसी डाक बंगले पहुंचे, जहां मीटिंग हॉल का ताला बंद मिला। इससे कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया। सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता लॉन में ही बैठ गए, जहां बैठने के लिए कुर्सियों तक की व्यवस्था नहीं थी। सांसद ने अधिकारियों को फोन कर व्यवस्था की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ के समझाने पर मामला शांत हुआ। विधायक डीसी बैरवा ने इस लापरवाही पर आपत्ति जताते हुए संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

अलवर में युवाओं ने अरावली बचाने के संदेश के साथ सिर मुंडवाकर विरोध दर्ज कराया। वहीं महिलाएं डीजे की धुन पर नाचते हुए रैली में शामिल हुईं। रैली कटी घाटी से मिनी सचिवालय तक निकाली गई। धौलपुर में गांधी पार्क में हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष के बीच तीखी बहस हो गई। बैठक व्यवस्था और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर दोनों नेताओं में विवाद बढ़ गया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। अजमेर में पैदल मार्च के दौरान डीजे बजाने पर पुलिस ने आपत्ति जताई। कांग्रेसियों ने इसका विरोध किया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस के रोकने के बावजूद कांग्रेसी डीजे के साथ मार्च निकालते रहे। जयपुर, सीकर, नागौर, पाली, भीलवाड़ा, उदयपुर, झुंझुनूं, करौली सहित कई जिलों में कांग्रेस ने जन जागरण रैलियां और पैदल मार्च निकाले। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार खनन को बढ़ावा देकर अरावली को नुकसान पहुंचा रही है।

अलवर में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर प्रकृति का सौदा कर रही है। उन्होंने कहा, अरावली बचेगी तो पानी बचेगा, पर्यावरण बचेगा और आने वाली पीढ़ियां सुरक्षित रहेंगी। कांग्रेस इस विनाश को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र और राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगा रही है, जबकि सच्चाई यह है कि आज अरावली सबसे ज्यादा खतरे में है। डोटासरा ने कहा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव झूठ बोल रहे हैं। कांग्रेस शासन में अरावली को खत्म करने का कोई काम नहीं हुआ। उल्टा, भाजपा सरकार के कार्यकाल में अवैध और तथाकथित वैध खनन के नाम पर पहाड़ों को छलनी किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story