अंतिम पड़ाव स्थल मंडोर पहुंची भोगिशैल परिक्रमा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
अंतिम पड़ाव स्थल मंडोर पहुंची भोगिशैल परिक्रमा यात्रा


जातरूओं की सेवा-सत्कार में उमड़े शहरवासी, यात्रा का कल होगा समापन

जोधपुर, 30 मई (हि.स.)। हिंदू सेवा मंडल द्वारा अधिकमास में निकाली जा रही भोगिशैल परिक्रमा यात्रा आज अंतिम पड़ाव स्थल मंडोर उद्यान पहुंच गई। मंडोर उद्यान में श्रद्धालुओं की सेवा सत्कार के लिए परिजन व शहरवासी उमड़ पड़े। परिक्रमा यात्रा का समापन रविवार को होगा।

भोगिशैल परिक्रमा यात्रा आयोजन समिति के सचिव विष्णुचंद्र प्रजापत ने बताया कि भोगिशैल परिक्रमा यात्रा ने आज सुबह छठे दिन बेरीगंगा से प्रस्थान किया जो निम्बली तीर्थ, निम्बा तीर्थ, मण्डोर रेलवे स्टेशन बालाजी, काला-गोरा भैरूजी मंदिर होते हुए मण्डोर उद्यान पहुंची। यात्रा का विश्राम आज मण्डोर उद्यान में रहेगा। इसके बाद अंतिम दिन 31 मई को सुबह मण्डोर से प्रस्थान कर यात्रा भुवनेश्वरी माता मंदिर, सन्तोषी माता, राम मोहल्ला, कागा तीर्थ, शीतला माता मंदिर, महामंदिर, शक्ति नगर, बीजेएस रेलवे लाइन, बनाड़ रोड, शेखावतजी का तालाब, मिलिट्री एरिया, उम्मेद भवन, गणेश मंदिर, रातानाडा पुलिस लाइन, मोहनपुरा पुलिया, सोजती गेट, घास मंडी, कंदोई बाजार, कटला बाजार, कपड़ा बाजार, सर्राफा बाजार एवं जूनी मंडी होते हुए गंगश्याम मंदिर पहुंचेगी। तत्पश्चात हिन्दू सेवा मण्डल कार्यालय घण्टाघर में परिक्रमा ध्वज के साथ यात्रा का विधिवत समापन होगा।

परिक्रमा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए शनिवार को कई स्वयंसेवी, सामाजिक व व्यापारिक संगठनों ने स्टॉलों लगाई। यहां उन्हें ठंडा पानी, शरबत, फल, फ्रूट क्रीम, नमकीन आदि उपलब्ध करवाए गए। कृषि मंडी परिसर में गर्मी से राहत के लिए कूलर और टेंट लगाए गए हैं। मंडोर मंडी सेवा समिति की ओर से चाय-नाश्ता, पानी, प्राथमिक चिकित्सा व विश्राम की व्यवस्था भी की गई है। यात्रा के दौरान स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन में सहयोग प्रदान किया गया। विभिन्न सामाजिक एवं सेवा संगठनों द्वारा पेयजल, भोजन, चाय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। परिक्रमा यात्रा के अवसर पर आज मंडोर उद्यान में आमजन एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story