अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर शतायु मतदाताओं का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर शतायु मतदाताओं का सम्मान


श्रीगंगानगर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन (1 अक्टूबर) दिवस के अवसर पर गुरूवार को जिले भर में शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया। लोकतंत्र के प्रति उनकी आस्था, निष्ठा एवं निरंतर सहयोग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शतायु मतदाताओं को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान, जयपुर द्वारा प्रेषित शुभकामना पत्र भेंट किए गए। इस अवसर पर उन्हें माल्यार्पण कर बैज लगाए गए तथा उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।

इसी क्रम में जिला मुख्यालय पर श्रीगंगानगर उपखण्ड अधिकारी नयन गौतम भाग संख्या 25 में शतायु मतदाता देवकी पत्नी दानेन्द्र के निवास पर पहुंचे। उन्होंने देवकी का माल्यार्पण कर बैज लगाया तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान की ओर से प्रेषित शुभकामना पत्र भेंट किया। इस अवसर पर जिला स्वीप समन्वयक रमन कुमार असीजा, बीएलओ मुकेश, वेद प्रकाश, जयंत बेरड़, ललित चौधरी, रामलाल हुड्डा, रवि बिश्नोई सहित मोहल्लावासी उपस्थित रहे।

उपखण्ड अधिकारी नयन गौतम ने उपस्थित मतदाताओं से लोकतंत्र की शुचिता एवं मजबूती के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शतायु मतदाताओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था में निरंतर विश्वास और सहभागिता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। परिजनों ने सम्मान कार्यक्रम के लिए निर्वाचन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आम मतदाताओं में निर्वाचन विभाग के प्रति विश्वास और निष्ठा को बढ़ावा देते हैं। साथ ही, ऐसे कार्यक्रम मतदाताओं को निर्भय होकर स्वतंत्र रूप से निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story