सिहोरा में खाद संकट बरकरार, आधार कार्ड और बही रखकर लाइन लगाने को मजबूर किसान

WhatsApp Channel Join Now
सिहोरा में खाद संकट बरकरार, आधार कार्ड और बही रखकर लाइन लगाने को मजबूर किसान


जबलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर के सिहोरा क्षेत्र में खाद का संकट लगातार गहराता जा रहा है। किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि किसान शुक्रवार तड़के ही खाद वितरण केंद्र पहुंचकर अपनी बारी सुरक्षित करने के लिए कतार में स्वयं खड़े रहने के बजाय अपना आधार कार्ड और बही (पासबुक) लाइन में रख रहे हैं।

किसानों का कहना है कि कई-कई घंटे इंतजार करने के बाद भी खाद मिलने की कोई निश्चितता नहीं रहती। इससे बोवनी सहित खेती के अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और समय पर फसल की तैयारी करना मुश्किल होता जा रहा है।

किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग से मांग की है कि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाए तथा अतिरिक्त बिक्री केंद्र शुरू कर किसानों को राहत दी जाए। खाद की कमी और वितरण केंद्रों पर लग रही लंबी कतारों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story