सागर: राहतगढ़ में विशेष जनसुनवाई, तहसील कार्यालय और पीएमश्री विद्यालय का हुआ निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
सागर: राहतगढ़ में विशेष जनसुनवाई, तहसील कार्यालय और पीएमश्री विद्यालय का हुआ निरीक्षण


सागर: राहतगढ़ में विशेष जनसुनवाई, तहसील कार्यालय और पीएमश्री विद्यालय का हुआ निरीक्षण


सागर, 23 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मंगलवार को राहतगढ़ विकासखंड में विशेष जनसुनवाई कर आवेदनकर्ताओं, शिकायतकर्ताओं और शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया।

विकासखंड स्तर पर इस तरह की जनसुनवाई होने से जहां एक ओर ग्रामीण और आमजन के समय तथा पैसे की बचत हो रही है, वहीं दूसरी ओर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान मिलने से प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है। कलेक्टर ने तहसील परिसर में पौधारोपण भी किया।

विशेष जनसुनवाई के दौरान राहतगढ़ विकासखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और युवाओं ने अपनी बुनियादी समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में मुख्य रूप से भूमि नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन से जुड़े मामले। मनरेगा, ग्रामीण बुनियादी ढांचा और स्थानीय शिकायतें। नए राशन कार्ड और खाद्यान्न वितरण में आ रही दिक्कतें। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण/शहरी) और जलापूर्ति आदि विभागों से संबंधित मामले सामने आए।

कलेक्टर ने अधिकांश आवेदनों पर मौके पर ही उपस्थित अधिकारियों के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई। जिन प्रकरणों में तत्काल निर्णय संभव नहीं था, उनके लिए एक निश्चित समय-सीमा निर्धारित कर अधिकारियों को जवाबदेही सौंपी गई है।

जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत एक विशेष पहल की गई। सीबीएमओ राहतगढ़ डॉ. विकेश फुसकेले द्वारा चिन्हित टीबी मरीजों—ग्राम झीला के कनई अहिरवार और राहतगढ़ वार्ड नं. 11 के इमरान कुरैशी को कलेक्टर द्वारा पोषण आहार (फूड बास्केट) का वितरण किया गया। शासकीय अस्पताल में इनका इलाज पूरी तरह निःशुल्क चल रहा है। कलेक्टर ने कहा कि दवाओं के साथ-साथ प्रोटीन युक्त उच्च पोषण मिलने से मरीजों को इस बीमारी से तेजी से उबरने में मदद मिलेगी।

विशेष जनसुनवाई के उपरांत कलेक्टर ने राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व न्यायालय, रिकॉर्ड रूम, नकल शाखा और वेटिंग रूम की व्यवस्थाएं देखीं। निरीक्षण के समय जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, एसडीएम रोहित वर्मा और तहसीलदार निर्मल सिंह राठौर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story