शिवपुरी में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: सरकारी जमीन पर रखी अवैध प्रतिमा हटाई, एक व्यक्ति हिरासत में
शिवपुरी, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस तहसील अंतर्गत ग्राम अनंतपुर में शासकीय भूमि पर बिना अनुमति स्थापित की गई प्रतिमा को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को हटाकर शासकीय अभिरक्षा में ले लिया। कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर की गई। मामले में संलिप्त एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासन के अनुसार, ग्राम अनंतपुर में कुछ लोगों द्वारा देर रात आम निस्तार के लिए आरक्षित शासकीय भूमि पर बिना सक्षम अनुमति के प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी। यह भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और अवैध रूप से स्थापित प्रतिमा को हटाया।
कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि इसी भूमि पर पूर्व में भी प्रतिमा रखकर अतिक्रमण का प्रयास किया गया था। उस समय भी प्रशासन द्वारा प्रतिमा हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। प्रशासन ने बताया कि सार्वजनिक और शासकीय भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करना सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के विपरीत है।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार 18 जनवरी 2013 के बाद शासकीय भूमि या सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति स्थापित की गई प्रतिमाएं अवैध मानी जाती हैं। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। प्रशासन द्वारा आरोपियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के आदेश के उल्लंघन सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अतिक्रमण या बिना अनुमति निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

