शाजापुर जिला अस्पताल में ऑक्सीजन गैस का रिसाव, मची अफरा-तफरी

WhatsApp Channel Join Now
शाजापुर जिला अस्पताल में ऑक्सीजन गैस का रिसाव, मची अफरा-तफरी


शाजापुर जिला अस्पताल में ऑक्सीजन गैस का रिसाव, मची अफरा-तफरी


प्लांट में गैस ट्रांसफर के दौरान आई तकनीकी खराबी, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

शाजापुर, 25 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिला अस्पताल परिसर में गुरुवार शाम ऑक्सीजन गैस रिसाव की घटना से हड़कंप मच गया। ऑक्सीजन प्लांट में गैस भरने के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आने से तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों, परिजनों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार शाम करीब 4 बजे ऑक्सीजन टैंकर से प्लांट में गैस ट्रांसफर की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पाइप लाइन या कनेक्शन में तकनीकी समस्या आने से गैस तेजी से बाहर निकलने लगी। तेज आवाज सुनकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गैस रिसाव की जानकारी मिलते ही टैंकर चालक ने तत्परता दिखाई और तुरंत तकनीकी उपाय कर स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ ही देर में रिसाव पूरी तरह बंद कर दिया गया।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा और कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। गैस रिसाव के दौरान कुछ समय के लिए पूरे अस्पताल परिसर में गैस फैल गई थी, जिससे वहां मौजूद लोगों में भय का माहौल बना रहा, हालांकि समय रहते कार्रवाई होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / मंगल नाहर

Share this story