राजगढ़ः सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
राजगढ़, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने की। इस दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्कूल बसों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए फिटनेस प्रमाणपत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य जरूरी सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी निजी स्कूल बस चालकों का पुलिस सत्यापन कराया जाए। जिन स्कूल बसों के पास फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं है, उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाए और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने जिले के ब्लैक स्पॉट चिन्हित क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से संबंधित मामलों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलने वाली उपचार सुविधा की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए सभी अस्पतालों में बड़े सूचना बोर्ड और बैनर लगाए जाएं। राहवीर योजना के तहत की गई कार्रवाई, यातायात नियमों के उल्लंघन पर जारी चालानों और सड़क सुरक्षा अभियानों की भी समीक्षा की गई। बैठक में शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवरलोड वाहनों और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित पोर्टलों पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

