राजगढ़ः सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग का लिपिक होगा निलंबित, डिप्टी कलेक्टर को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग का लिपिक होगा निलंबित, डिप्टी कलेक्टर को नोटिस


राजगढ़, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने लंबे समय से लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य विभाग के एक लिपिक को निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं 400 दिन से अधिक समय से अभिलेख दुरुस्ती का प्रकरण लंबित रखने पर डिप्टी कलेक्टर सोनाली डावर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वयं कुछ शिकायतकर्ताओं को फोन लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर बंद नहीं किया जाए, बल्कि आवेदकों की समस्या का वास्तविक समाधान किया जाए। लंबित प्रकरणों में अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के भी निर्देश दिए।

जनविश्वास अभियान और स्वामित्व योजना की समीक्षा बैठक में आगामी जनविश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले ने एसडीएम और सीएमओ सारंगपुर को अभियान के सफल आयोजन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया। कलेक्टर ने स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम और तहसीलदारों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। धीमी प्रगति वाले पटवारियों को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने को कहा। समग्र ई-केवाईसी की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में डॉक्टरों और सीएचओ की उपस्थिति तथा कार्य अवधि की समीक्षा में निर्धारित समय से कम उपस्थिति मिलने पर संबंधित डॉक्टरों का तीन दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। न्यायालयीन अवमानना के लंबित प्रकरणों में भी जल्द कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं नगरीय सड़क निर्माण कार्य में अपेक्षित सहयोग नहीं करने पर सीएमओ कुरावर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्हें अगली समय-सीमा बैठक में स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा गया।बैठक में अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चैहान, एसडीएम सुशील कुमार सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story