राजगढ़ः शिवधाम कॉलोनी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, गिरिराजधरण उत्सव पर अर्पित होगा छप्पन भोग

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः शिवधाम कॉलोनी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, गिरिराजधरण उत्सव पर अर्पित होगा छप्पन भोग


राजगढ़ः शिवधाम कॉलोनी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया, गिरिराजधरण उत्सव पर अर्पित होगा छप्पन भोग


राजगढ़, 30 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर स्थित शिवधाम कॉलोनी में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का चतुर्थ दिवस शुक्रवार रात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के नाम रहा। कथा पांडाल “नंद के भयो आनंद, जय कन्हैयालाल की” के जयघोष से देर रात तक गुंजायमान रहा। आचार्य प्रमोद नागर द्वारा किए जा रहे कथा- वाचन में श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर जन्मोत्सव मनाया। महिलाओं ने पारंपरिक पीत वस्त्र धारण कर झूमते हुए भगवान श्रीकृष्ण के आगमन का उत्सव मनाया। आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला।

कथा के दौरान आचार्य ने भक्त प्रहलाद की कथा, भगवान नृसिंह अवतार और हिरण्यकश्यप वध प्रसंग का वर्णन किया। इससे पहले भगवान वामन अवतार और ध्रुव की कथा सुनाई गई। उन्होंने कलयुग में घर-घर किए जाने वाले पांच यज्ञ-गौ को पहली रोटी देना, अतिथि का सम्मान, चीटियों को आटा डालना, बुजुर्गों की सेवा और भगवान के प्रति समर्पण को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। साथ ही कहा कि मनुष्य चार ऋण लेकर जन्म लेता है-देव ऋण, ऋषि ऋण, मातृ-पितृ ऋण और राष्ट्र ऋण जिन्हें चुकाना ही जीवन का वास्तविक कल्याण है।

आचार्य नागर ने सत्य को सर्वोपरि बताते हुए “सत्यम् परम धीमहि” का अर्थ समझाया और कहा कि मनुष्य को सत्य का साथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए। आयोजन समिति ने जानकारी दी कि कथा का पंचम दिवस शनिवार को गिरिराजधरण उत्सव को समर्पित होगा, जिसमें भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। कथा 26 मई से 1 जून तक प्रतिदिन रात 8 से 11 बजे तक संपन्न होगी। समिति ने क्षेत्रवासियों से आगामी दिनों में भी कथा श्रवण करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story