राजगढ़ः नारीशक्ति परिवार ही नहीं, समाज और राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला- राज्यमंत्री पंवार
राजगढ़, 28 सितम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सोमवार को ब्यावरा विधानसभा के ग्राम मोहनीपुरा और सुठालिया स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने कार्यक्रम में शामिल होकर नारीशक्ति और नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने गर्भवती व धात्री माताओं को पोषण किट वितरित करने के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र भी बांटे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन से हुई। मंत्री ने मोहनीपुरा आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए संचालित पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण व मातृ सहायता सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानी और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। ‘आंगन मिलन’ से सीधे जुड़ रहे हितग्राही मंत्री पंवार ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि माताओं और बच्चों से सीधे संवाद कर पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण और महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का माध्यम है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा कार्यकर्ता शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति और सम्मान का स्वरूप माना गया है। महिला परिवार की आधारशिला होने के साथ बच्चों के संस्कार और आने वाली पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। स्वच्छता के साथ पौधरोपण का संदेश कार्यक्रम में स्वच्छता जागरूकता और पौधरोपण गतिविधियां भी हुईं।
मंत्री ने कहा कि स्वच्छ घर, आंगनवाड़ी और गांव स्वस्थ समाज की पहचान हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। बच्चों के लिए मनोरंजक व रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलम सक्सेना, माधवी परमार, रुचि बडोने, महिला एवं बाल विकास अधिकारी अंशुबाला मसीह, जनपद सीईओ मोनिका झारिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

