राजगढ़ः उपार्जन कार्यों में तेजी लाएं, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई - कलेक्टर

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः उपार्जन कार्यों में तेजी लाएं, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई - कलेक्टर


राजगढ़, 6 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उपार्जन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों से परिवहन एवं उठाव कार्यों की धीमी प्रगति पर गंभीर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी खरीदी केंद्रों से समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए,जिससे उपार्जन कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके। राजगढ़, नरसिंहगढ़ और ब्यावरा क्षेत्रों में उठाव की गति धीमी पाए जाने पर कलेक्टर ने अधिकारियों को आगामी दो दिनों के भीतर सभी लंबित उठाव कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं, डीएम नॉन को ट्रक चालानों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा गया, जिससे परिवहन व्यवस्था में तेजी लाई जा सके।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिला विपणन अधिकारी एवं लीड बैंक मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपार्जन समिति का कोई भी सदस्य बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। साथ ही परिवहनकर्ताओं का भुगतान उपार्जन समिति की अनुमोदन प्रक्रिया के बिना नहीं किया जाएगा, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे। खरीदी केंद्र नाली मंडावर में अत्यधिक स्टॉक को तत्काल उठाने के लिए विशेष निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने दोहराया कि पूर्व समीक्षा बैठकों में भी परिवहन एवं उठाव कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को समन्वय और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर उपार्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित और तय समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story