माही-मधुकन्या संगम पर घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं- निर्मला भूरिया

WhatsApp Channel Join Now
माही-मधुकन्या संगम पर घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं- निर्मला भूरिया


झाबुआ, 17 अक्टूबर (हि.स.)।मध्य प्रदेश के जनजातीय बहुल झाबुआ जिले के पेटलावद विकासखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री शृंगेश्वर धाम में शनिवार को महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में घाट निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया।

जल संसाधन विभाग द्वारा 366.69 लाख रुपये (3 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये) की स्वीकृत लागत से माही-मधुकन्या संगम पर इस घाट का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शृंगेश्वर धाम के गादीपति पूज्य रामेश्वर गिरि जी महाराज भी उपस्थित रहे। भूमि पूजन कार्यक्रम के पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया श्री श्रृगेश्वर धाम स्थित शिवालय पहुंची और भगवान् शिव की पूजा अर्चना की।

भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद वहां मौजूद जन समूह को संबोधित करते हुए मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि शृंगेश्वर धाम जिले का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है। माही एवं मधुकन्या नदियों के पवित्र संगम पर स्थित इस धाम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। आगामी सिंहस्थ-2028 को दृष्टिगत रखते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में घाट निर्माण कार्य महत्वपूर्ण है। इससे श्रद्धालुओं को स्नान, दर्शन एवं पूजा-अर्चना में सुगमता होगी।

निर्मला भूरिया ने कहा कि शृंगेश्वर धाम का धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है, और घाट निर्माण एवं परिसर के सौंदर्यीकरण से यहां सुविधाओं का विस्तार होगा।

निर्मला भूरिया ने कहा कि श्री शृंगेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा लगभग 281 मीटर लंबा एवं 20 मीटर चौड़ा घाट विकसित किया जाएगा। निर्माण कार्य में सीढ़ियों का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे श्रद्धालुओं को नदी तक पहुंचने और स्नान करने में सुविधा होगी। इसके साथ ही घाट के आसपास उद्यान विकसित कर सौंदर्यीकरण के कार्य भी किए जाएंगे। इससे धाम का परिसर अधिक आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्वरूप में विकसित हो सकेगा।

निर्मला भूरिया ने कहा कि आगामी सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए यह निर्माण कार्य श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार, धार्मिक स्थल के विकास तथा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शृंगेश्वर धाम के गादीपति पूज्य रामेश्वर गिरि जी महाराज, जनपद पंचायत पेटलावद की उपाध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पड़ियार, सरपंच ग्राम पंचायत भेरूपाड़ा वर्दीचंद वसुनिया, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद श्रीमती रितिका पाटीदार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पेटलावद सुश्री अनुरक्ति सबनानी, कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन, विपिन पाटीदार सहित अन्य अधिकारी एवं श्रृंगेश्वर धाम से जुड़े श्रद्धालु जन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762799 Articles

Share this story