महिला आरक्षण और परिसीमन पर केंद्र की पहल का स्वागत, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी मातृशक्ति को बधाई

WhatsApp Channel Join Now
महिला आरक्षण और परिसीमन पर केंद्र की पहल का स्वागत, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी मातृशक्ति को बधाई


भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा परिसीमन एवं महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल के इस दूरदर्शी निर्णय के परिप्रेक्ष्य में देश की सभी मातृशक्ति को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार काे अपने साेशल मीडिया हेंडल 'एक्स' पर कहा है कि यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक समावेशी और सशक्त बनाने वाला ऐतिहासिक निर्णय है। इससे लोकसभा एवं राज्यों की विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही, लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव से जनप्रतिनिधित्व का भी विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संशोधन विधेयक से देश के विकास में हर क्षेत्र की आवाज को और मुखरता से संसद में रखा जा सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने के लिए नए परिसीमन आयोग के शीघ्र गठन और आरक्षित सीटों के रोटेशन का प्रावधान भी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story