मप्रः राज्यपाल पटेल ने जनगणना की स्व-गणना प्रक्रिया में हिस्सा लिया, पोर्टल पर की ऑनलाइन प्रविष्टि

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः राज्यपाल पटेल ने जनगणना की स्व-गणना प्रक्रिया में हिस्सा लिया, पोर्टल पर की ऑनलाइन प्रविष्टि


भोपाल, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल गुरुवार को राजधानी भोपाल स्थित लोक भवन में देश की 16वीं जनगणना की स्व-गणना प्रक्रिया में शामिल हुए। उन्होंने स्व-गणना पोर्टल पर ऑनलाइन स्व-गणना संबंधी जानकारियाँ दर्ज कीं।

राज्यपाल पटेल को बताया गया कि जनगणना का कार्य प्रदेश में दो चरणों में किया जा रहा है। इस कार्य में प्रदेश के 1 लाख 60 हजार कर्मचारियों को संलग्न किया गया है। देश में पहली बार केन्द्र सरकार ने नागरिकों को जनगणना की प्रक्रिया में सह भागिता का अवसर प्रदान करने के लिए स्व-गणना की अभिनव पहल की है। नागरिकों की सहभागिता से जनगणना की जानकारियों की पारदर्शिता बढ़ेगी। जानकारियों में किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना समाप्त हो जायेगी।

उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 का कार्य मध्यप्रदेश राज्य में दो चरणों में किया जाना है। प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 की अवधि में एवं द्वितीय चरण- जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी 2027 में संपादित होगा।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा एवं जनगणना संचालनालय मध्य प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story