मप्रः उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सागर से की वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत
सागर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार जिले की रहली विधानसभा क्षेत्र के गढ़ाकोटा में 14 एवं 15 वर्ष की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए विशेष वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में शुरू किए गए 'सर्वाइकल कैंसर मुक्त अभियान' के तहत यह कदम उठाया गया है। उपमुख्यमंत्री मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गढ़ाकोटा के महाराणा प्रताप वार्ड की निवासी और कक्षा नवमी की 14 वर्षीय छात्रा गुनगुन दुबे (सुपुत्री सतीश दुबे) को वैक्सीन लगवाकर इस महत्वपूर्ण अभियान का श्रीगणेश किया। इस दौरान उन्होंने छात्रा का उत्साहवर्धन किया और स्वास्थ्य कर्मियों को सुचारू टीकाकरण के निर्देश दिए।
टीकाकरण कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाना हमारा लक्ष्य है। मेरी प्रदेश और जिले के सभी अभिभावकों से अपील है कि अपने परिवार, पड़ोस और मोहल्ले की 14 एवं 15 वर्ष की बेटियों को यह जीवन रक्षक वैक्सीन अवश्य लगवाएं। आपका एक छोटा सा प्रयास हमारी बेटियों को भविष्य में इस गंभीर बीमारी से बचा सकता है।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव भी उपस्थित रहे, जिन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की सराहना की। कार्यक्रम में प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से अपर कलेक्टर अविनाश रावत, एसडीएम कुलदीप पाराशर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता तिमोरे, विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सूर्यांश सिंघई शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

