मंदसौरः शिवना शुद्धिकरण अभियान में विधायक जैन के साथ श्रमदानियों ने की सफाई

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौरः शिवना शुद्धिकरण अभियान में विधायक जैन के साथ श्रमदानियों ने की सफाई


मंदसौर, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में शिवना नदी के शुद्धिकरण और स्वच्छता के लिए चलाए जा रहे श्रमदान अभियान के 140वें दिन रविवार को भी श्रमदानियों ने उत्साह के साथ सफाई अभियान जारी रखा।

सुबह 7 बजे श्रमदानी पशुपतिनाथ मंदिर के पास शिवना नदी में उतरे और नदी एवं नदी किनारे जमा प्लास्टिक कचरा, फूलमालाएं तथा अन्य गंदगी को हटाया। साथ ही नदी किनारे उग आई गाजर घास को उखाड़कर आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ किया गया ।

इस दौरान विधायक विपिन जैन ने भी श्रमदानियों के साथ नदी में उतरकर सफाई कार्य में हाथ बंटाया । उन्होंने कहा कि शिवना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए जनभागीदारी के साथ चल रहा श्रमदान अभियान लगातार जारी रहना जरूरी है । नदी की स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story