भोपाल में निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई जारी, बोट क्लब समेत कई क्षेत्रों से हटाए गए अतिक्रमण
भोपाल, 03 अगस्त (हि.स.)। भोपाल नगर निगम ने सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण और अवैध निर्माणों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया। निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने बोट क्लब सहित अनेक स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अस्थायी अतिक्रमण हटाए और बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया। साथ ही जिला प्रशासन के अभियान में सहयोग करते हुए 1100 क्वार्टर क्षेत्र में 11 मकानों पर तालाबंदी की कार्रवाई भी कराई।
नगर निगम के अनुसार यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ-साथ नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत की गई।
बोट क्लब क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान दस्ते ने अतिक्रमण हटाते हुए पेटियां, भट्टियां, कुर्सियां, टेबल, स्टूल, ड्रम, गैस टंकियां और अन्य सामग्री जब्त की। इसके अलावा पॉलीटेक्निक से भारत माता चौराहे तक सड़क किनारे बने पांच अस्थायी टपरे हटाए गए। फतेहगढ़ क्षेत्र में दो मकानों के सामने बने अवैध चबूतरे तोड़े गए, जबकि ई-7 अरेरा कॉलोनी, नरेला जोड़, बैरागढ़ कोलूखेड़ी और अशोका गार्डन क्षेत्र में नालियों पर किए गए अतिक्रमण तथा अवैध संरचनाएं हटाई गईं।
अभियान के दौरान आवागमन में बाधा बन रहे वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। भानपुर, अशोका गार्डन और वर्धमान पार्क क्षेत्र से कुल 13 चार पहिया वाहन हटाए गए। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में फुटपाथों और सड़कों पर लगी सब्जी, फल एवं कपड़ों की दुकानें, ठेले, गुमटियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, टेबल, स्टूल, कुर्सियां तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गए।
कार्रवाई के दौरान निगम ने एक ठेला, एक बड़ी पेटी, 25 कुर्सियां, 36 स्टूल, दो भट्टियां, दो टेबल, एक ड्रम सहित अन्य सामग्री भी जब्त की।
नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान नेहरू नगर चौराहा, माता मंदिर, भदभदा, सूरज नगर, मैनिट चौराहा, चूना भट्टी, 1100 क्वार्टर, अरेरा कॉलोनी, बांसखेड़ी, साढ़े दस नंबर स्टॉप, लिंक रोड, रेतघाट, रविंद्र भवन, एमपी नगर, रायसेन रोड, अशोका गार्डन, प्रभात चौराहा, रेलवे स्टेशन, सोनिया गांधी पुलिया, लालघाटी, एयरपोर्ट रोड, गांधीनगर, बैरागढ़ सहित शहर के अनेक क्षेत्रों में चलाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

