भोपाल में अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई तेज, कई क्षेत्रों से ठेले-गुमठियां हटाईं, सामान जब्त

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई तेज, कई क्षेत्रों से ठेले-गुमठियां हटाईं, सामान जब्त


भोपाल, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। बुधवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्तों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, स्टैंड बोर्ड, टेबल, स्टूल, फ्लैक्स बोर्ड और अन्य सामान जब्त किया गया।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित अभियान के तहत की गई। निगम अमले ने कई स्थानों पर अवैध चबूतरे, लोहे के कॉलम, सर्विस रोड पर पड़ा मलबा और फुटपाथ पर संचालित अस्थायी दुकानों को हटाया।

अभियान के दौरान नेहरू नगर चौराहा, राहुल नगर, माता मंदिर, मैनिट चौराहा, भारत माता चौराहा, सूरज नगर, लिंक रोड क्रमांक-1, 2 और 3, 12 नंबर स्टॉप, एमपी नगर जोन-1, पत्रकार भवन, पुरानी विधानसभा, सतपुड़ा भवन, रेतघाट, रविंद्र भवन, जहांगीराबाद, प्रभात चौराहा, मंडी चौराहा, अशोका गार्डन, पुष्पा नगर, अयोध्या बायपास, आनंद नगर, अवधपुरी, करोंद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, अब्बास नगर, गांधी नगर, एयरपोर्ट रोड, भोपाल गेट, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म क्रमांक-6, सिंधी कॉलोनी और घोड़ा नक्कास सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

करोंद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चार अवैध चबूतरे तोड़े गए, जबकि गांधी नगर नई बस्ती से सड़क पर पड़ा मलबा और प्रताप वार्ड की सर्विस रोड से लोहे का एक कॉलम हटाया गया। इसके अलावा फुटपाथों पर लगी सब्जी और अन्य अस्थायी दुकानों को हटाकर सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

कार्रवाई के दौरान निगम ने 8 ठेले, 4 स्टैंड बोर्ड, 3 टेबल, एक टूटी फोल्डिंग टेबल, 34 फाइबर स्टूल, 4 फ्लैक्स बोर्ड तथा लूज पन्नी सहित अन्य सामग्री जब्त की।

इसी अभियान के तहत जिला प्रशासन के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए करोंद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सार्वजनिक स्थान पर किए गए एक अवैध कब्जे को भी हटाया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story