भोपाल में अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई जारी, कई क्षेत्रों से ठेले-गुमठियां हटाईं
भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नगर पालिक निगम भोपाल द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण और नियमित कार्रवाई के तहत निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने गुरुवार को शहर के कई इलाकों में कार्रवाई कर सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए।
इस दौरान ठेले, गुमठियां, अस्थायी छप्पर, चबूतरों पर किए गए अतिक्रमण, दुकानों के बाहर रखा सामान और आवागमन में बाधक वाहन हटाए गए। निगम अमले ने विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण संबंधी सामग्री भी जब्त की।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर गुरूवार को अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने रोशनपुरा, जीटीबी कॉम्प्लेक्स, टीटी नगर थाना, नेहरू नगर, भदभदा, सूरज नगर, बैरागढ़ मछली मार्केट, सीहोर नाका, भैंसाखेड़ी, बैरागढ़, एयरपोर्ट रोड, गांधी नगर, करोद, नवीबाग, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, पीपल चौराहा, दशहरा मैदान, अवधपुरी, बीडीए रोड, पटेल नगर, गायत्री अस्पताल, इंद्रपुरी सी सेक्टर, बरखेड़ी, जहांगीराबाद, भोपाल टॉकीज, डीआईजी बंगला, इंदिरा नगर, हमीदिया रोड, मरघटिया मंदिर, हमीदिया अस्पताल, करबला, शहीद नगर, ईदगाह हिल्स, रेतघाट, कमला पार्क, रवींद्र भवन, लिंक रोड नंबर 1, 2 एवं 3, पीएंडटी चौराहा, गीतांजलि कॉम्प्लेक्स, जवाहर चौक, भीम नगर और एमपी नगर जोन-1 सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने अस्थायी रूप से बनाए गए टपरे और छप्पर, चबूतरों पर किए गए अतिक्रमण, फुटपाथ पर लगाई गई दुकानों, कुर्सियों, टेबल, कैरेट, पिंजरा स्टैंड, पान पार्लर, आइसक्रीम की गाड़ियों तथा दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाया। पटेल नगर में चाय की दुकान का अस्थायी टपरा और एयरपोर्ट रोड पर अवैध रूप से बनाए गए चार छप्पर हटाए गए। विभिन्न स्थानों से ठेले, गुमठियां, लोहे के पाइप के टुकड़े और लूज पन्नी भी जब्त की गई।
इन क्षेत्रों से हटाए गए वाहन
आवागमन में बाधक वाहनों को हटाने की कार्रवाई के तहत नेहरू नगर से दो चारपहिया वाहन, पीएंडटी चौराहा-गीतांजलि कॉम्प्लेक्स क्षेत्र से पांच, बैरागढ़ मछली मार्केट से चार, करोद दशहरा मैदान के अंदर से आठ तथा शहीद नगर से पांच चारपहिया वाहन हटवाए गए। इसके अलावा नवीबाग क्षेत्र से एक आइसक्रीम की गाड़ी भी हटाई गई। इस प्रकार बताए गए स्थानों से कुल 24 चारपहिया वाहन हटवाए गए।
निगम अमले ने कार्रवाई के दौरान तीन छत ठेले, एक गुमठी, लोहे के पाइप के चार टुकड़े और एक ट्रक लूज पन्नी जब्त की। निगम द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक मार्गों पर आवागमन सुगम बनाने के उद्देश्य से कार्रवाई निरंतर जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

