भोपाल निगम की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर फास्ट फूड गाड़ी, ठेले और गन्ने की चरखी जब्त
भोपाल, 27 जून (हि.स.)। राजधानी भोपाल शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटाए और कई सामान जब्त किए।
नगर निगम की टीम ने सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों और नियमित कार्रवाई के तहत दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान अवैध टीन शेड, बांस-बल्ली के टपरे, नालियों पर किए गए निर्माण, चबूतरे, फुटपाथ पर रखे सामान, वाहन, गमले, फोल्डिंग टेबल, स्टैंड बोर्ड, कुर्सियां सहित अन्य सामग्री हटाई गई।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कोलार चूना भट्टी, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, एमपी नगर जोन-1 और जोन-2, बोर्ड ऑफिस चौराहा, साकेत नगर, 11 मील, होशंगाबाद रोड, चिनार सिटी, राधापुरम, कटारा, 1100 क्वार्टर, बागमुगालिया, लहारपुर, रेतघाट, रविंद्र भवन, बरखेड़ी, हमीदिया रोड, नादरा बस स्टैंड सहित कई क्षेत्रों में अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान फुटपाथों पर लगी चश्मे की दुकानें, सब्जी ठेले, गुमठी, पान पार्लर, फोल्डिंग टेबल और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। वहीं सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी सामग्री को भी हटाया गया।
नगर निगम अमले ने कार्रवाई के दौरान एक फास्ट फूड गाड़ी, सात ठेले और एक गन्ने की चरखी जब्त की। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

