दीपावली पर इस बार बाजार से गायब रहेंगे ‘लक्ष्मी-गणेश बम’, आस्था के सम्मान में बदला पटाखों का ट्रेंड

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर इस बार बाजार से गायब रहेंगे ‘लक्ष्मी-गणेश बम’, आस्था के सम्मान में बदला पटाखों का ट्रेंड


भोपाल, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस बार दीपावली के पटाखा बाजार में बदलाव देखने को मिल रहा है। धार्मिक आस्था और भावनाओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने देवी-देवताओं के चित्रों वाले पटाखों से दूरी बना ली है। इस बार बाजार में लक्ष्मी बम और गणेश बम नजर नहीं आएंगे। व्यापारियों ने कंपनियों से भी इस तरह के पटाखों की मांग नहीं की है। अब देवी-देवताओं के चित्रों की जगह सामान्य नाम और डिजाइन वाले पटाखों को प्राथमिकता दी जा रही है।

भोपाल के पटाखा कारोबारियों के अनुसार, इस बार धार्मिक भावनाओं का ध्यान रखते हुए बाजार में देवी-देवताओं के चित्रों वाले पटाखे नहीं मंगाए गए हैं। मुस्लिम दुकानदारों ने भी ऐसे पटाखों से दूरी बनाई है।

व्यापारी मोहम्मद सलमान ने कहा कि किसी को भी धार्मिक भावनाएं आहत करने का अधिकार नहीं है। आस्था और सम्मान को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके चलते इस बार बाजार में लक्ष्मी बम और गणेश बम जैसे नामों वाले पटाखे दिखाई नहीं देंगे।

दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि पटाखे हमेशा खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं। इमारतों, वाहनों, सूखी वनस्पतियों और ज्वलनशील पदार्थों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।

आतिशबाजी करते समय सूती कपड़े पहनने और बंद जूते इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। बच्चों को बिना वयस्कों की निगरानी के पटाखे न देने तथा उन्हें पटाखे जेब में नहीं रखने की समझाइश देने को कहा गया है।

विभाग के अनुसार, पटाखे जलाते समय पास में पानी या रेत से भरी बाल्टी रखनी चाहिए। एक समय में केवल एक ही पटाखा जलाएं और किसी भी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जरूरी सुरक्षा इंतजाम पहले से रखें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772807 Articles

Share this story