झाबुआ: जल संसाधन की परियोजनाओं के निर्माण से सिंचाई सुविधाओं का होगा विस्तार

WhatsApp Channel Join Now
झाबुआ: जल संसाधन की परियोजनाओं के निर्माण से सिंचाई सुविधाओं का होगा विस्तार


झाबुआ: जल संसाधन की परियोजनाओं के निर्माण से सिंचाई सुविधाओं का होगा विस्तार


झाबुआ, 26 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के पेटलावद अनुविभाग में मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग निर्मला भूरिया द्वारा गुरुवार को जल संसाधन विभाग की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं कानाकुआं तालाब एवं रामगढ़ बैराज के निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया।

परियोजनाओं के संबंध प्राप्त जानकारी अनुसार कानाकुआं तालाब परियोजना के अंतर्गत जहां 435.05 लाख रुपए की लागत से निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया, जिसके पूर्ण होने पर लगभग 155 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं रामगढ़ बैराज परियोजना ₹379.40 लाख की लागत से निर्मित की जाएगी, जिससे लगभग 235 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होगा।

आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर मौजूद ग्रामीण जनों को संबोधित करते हुए मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए जल संसाधनों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि पानी ही खेती की सबसे बड़ी आवश्यकता है, और इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा, बल्कि वर्षा जल का बेहतर संचयन भी संभव हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि कानाकुआं तालाब एवं रामगढ़ बैराज जैसे निर्माण कार्य से क्षेत्र में जहां जल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी वहीं फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी और कृषि पर निर्भर परिवारों की आय में वृद्धि होगी। साथ ही, भूजल स्तर को बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

भूरिया ने कहा कि राज्य शासन द्वारा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सिंचाई जैसे मूलभूत क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण अंचलों में रहने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक किसान को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो और उन्हें खेती के लिए किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

आयोजित कार्यक्रम में जन प्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामीण जन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

Share this story