जबलपुरः निगमायुक्त ने विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
जबलपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में आगामी त्योहारों और मूर्तियों के विसर्जन पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के सभी प्रमुख विसर्जन स्थलों पर व्यापक एवं चाक-चौबंद तैयारियाँ की गई हैं। नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा स्वच्छता को सर्वोपरि रखते हुए निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है।
इसी शृंखला में बुधवार को नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख विसर्जन क्षेत्रों भटौली, तिलवारा, गोकलपुर आदि घाटों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को विसर्जन प्रक्रिया को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गहरे पानी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में होमगार्ड, प्रशिक्षित गोताखोर और लाइफ जैकेट्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। विसर्जन स्थलों और पहुँच मार्गों पर 24 घंटे निर्बाध प्रकाश और निरंतर सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
नदी एवं जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने के उद्देश्य से निर्मित कृत्रिम विसर्जन कुंडों की स्थिति का जायजा लिया गया और नागरिकों से इनमें मूर्ति विसर्जन करने की अपील पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ समन्वय बनाकर विसर्जन स्थलों के आसपास पार्किंग और सुगम आवागमन की व्यवस्था की जा रही है।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए नगर निगम हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विसर्जन पर्व के समापन तक पूरी निष्ठा और मुस्तैदी के साथ मैदान में तैनात रहने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम की इन तैयारियों से आम नागरिकों और आयोजन समितियों में अत्यंत उत्साह एवं संतोष का वातावरण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

