जबलपुरः अवैध निर्माण पर नगर निगम की कड़ी कार्यवाही

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः अवैध निर्माण पर नगर निगम की कड़ी कार्यवाही


जबलपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नगर निगम द्वारा बुधवार को कजरवारा रोड पर एक प्रभावी कार्रवाई की गई। कजरवारा रोड, सविता एवेन्यू ग्रीन अपार्टमेंट के सामने, बिल्डर अनिल मिश्रा द्वारा मुख्य मार्ग के ’फ्रंट मॉस’ पर बिना अनुमति निर्मित 2 दुकानों को ध्वस्त किया गया। मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया।

सविता एवेन्यू ग्रीन अपार्टमेंट के सामने फ्रंट मार्जिन की जगह पर बिल्डर द्वारा व्यावसायिक दुकानों का निर्माण कर लिया गया था, जो नगर निगम के मानचित्र और भवन अनुज्ञा नियमों के विरुद्ध था। विभाग द्वारा नोटिस दिए जाने के उपरांत, आज निगम की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन अवैध संरचनाओं को हटा दिया।

निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि इस तरह की कार्रवाइयां न केवल शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देती हैं, बल्कि भविष्य में होने वाली यातायात बाधाओं को भी रोकती हैं। वार्ड 66 के निवासियों ने निगम की इस निष्पक्ष कार्रवाई की सराहना की है, जिससे यह संदेश गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी रसूखदार व्यक्ति या बिल्डर को बख्शा नहीं जाएगा। शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाना हमारी प्राथमिकता है। अवैध निर्माण न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि यह सार्वजनिक सुविधाओं को भी बाधित करते हैं। भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अवैध निर्माणों के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story