करेली के समरसता स्मारक में सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर जुटे सर्वसमाज के लोग

WhatsApp Channel Join Now
करेली के समरसता स्मारक में सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर जुटे सर्वसमाज के लोग


नरसिंहपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के समीप करेली स्थित समरसता स्मारक में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सर्वसमाज के लोगों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठजनों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, अखंडता, भाईचारे और समरसता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला संचालक आदित्य मोहन पटेल, प्रांत के सह-समरसता प्रमुख राकेश उदेनिया, पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी तथा नरसिंहपुर के खुरपे से अन्ना धुरेलिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

जिला संचालक आदित्य मोहन पटेल ने कहा कि समाज में सद्भाव, भाईचारा और एकता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और आपसी सहयोग में निहित है। सभी वर्ग एक-दूसरे का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर आगे बढ़ें, तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है। सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर ही सशक्त, संगठित और समरस समाज का निर्माण संभव है।

प्रांत के सह-समरसता प्रमुख राकेश उदेनिया ने सामाजिक समरसता और हिंदू समाज की एकजुटता पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाज को आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर एकता, सद्भाव और परस्पर सम्मान की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। पड़ोसी देशों में हिंदू समुदाय की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने समाज को संगठित रहने और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता का उद्देश्य विभिन्न वर्गों के बीच विश्वास और सहयोग बढ़ाना है। इससे राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूती मिलती है।

राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय : कैलाश सोनी

पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी ने कहा कि करेली के समरसता स्मारक में स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा उनके महान व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान की याद दिलाती है। सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनसे सभी वर्गों को साथ लेकर चलने, मतभेद दूर करने और राष्ट्र की मजबूती के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा मिलती है।

खुरपे से आए अन्ना धुरेलिया ने कहा कि सरदार पटेल ने व्यक्तिगत परिस्थितियों से ऊपर उठकर देश के प्रति अपने कर्तव्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। इस दौरान उनके पिता की प्रतिमा के संबंध में भी जानकारी साझा की गई और उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों के जीवन और योगदान को याद करना केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने तथा समाज में एकता, भाईचारा और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक समरसता तभी मजबूत होगी, जब प्रत्येक व्यक्ति दूसरे के प्रति सम्मान, सहयोग और सद्भाव का व्यवहार करेगा।

उल्लेखनीय है कि करेली स्थित समरसता स्मारक में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के साथ चार अन्य प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। कार्यक्रम में इन प्रतिमाओं और उनसे जुड़े स्थलों के महत्व पर भी चर्चा की गई। आयोजन का उद्देश्य सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना, नई पीढ़ी को उनके राष्ट्र निर्माण संबंधी योगदान से परिचित कराना और राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र गुप्ता ने किया तथा अंत में प्रताप पटेल ने आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story