अन्वेषण के क्षेत्र में छह और फॉरेंसिक साइंस में एक अधिकारी को मिला सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
अन्वेषण के क्षेत्र में छह और फॉरेंसिक साइंस में एक अधिकारी को मिला सम्मान


भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस के सात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अन्वेषण और फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक’ से सम्मानित किया गया है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को प्रदान किए गए इन पदकों में अन्वेषण के क्षेत्र में छह तथा फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में एक अधिकारी शामिल हैं।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने पदक से सम्मानित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और व्यावसायिक दक्षता का परिचायक है। उनकी यह उपलब्धि मध्यप्रदेश पुलिस के लिए गौरव का विषय है।

अन्वेषण के क्षेत्र में छह अधिकारी सम्मानित

अन्वेषण के क्षेत्र में पदक प्राप्त करने वालों में गुना जिले के उप पुलिस अधीक्षक जमील उद्दीन सिद्दीकी, देवास जिले के कार्यवाहक निरीक्षक प्रदीप कुमार राय, भोपाल के शाहजहांनाबाद थाने की उप निरीक्षक योगिता जैन, खंडवा जिले की उप निरीक्षक सरोज मुबेल, भोपाल अपराध शाखा के उप निरीक्षक रमन शर्मा और रतलाम जिले के उप निरीक्षक विष्णु दयाल जोशी शामिल हैं।

फॉरेंसिक साइंस में कैलाश चंद्र को सम्मान

फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में भोपाल स्थित क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (आरएफएसएल) के वैज्ञानिक अधिकारी कैलाश चंद्र को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक प्रदान किया गया है।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अपराधों की विवेचना में गुणवत्ता, पारदर्शिता और वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक, फॉरेंसिक विज्ञान और व्यावसायिक दक्षता के माध्यम से आपराधिक मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रतिष्ठित पदक से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। साथ ही पुलिस बल के अन्य सदस्यों को भी बेहतर विवेचना और वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story