अनूपपुर: सपने साकार करने अवसर का लाभ उठाएं युवा-जिपं अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: सपने साकार करने अवसर का लाभ उठाएं युवा-जिपं अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह


अनूपपुर, 25 मार्च (हि.स.)। युवा संगम, प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप जॉब फेयर 2025-26 का आयोजन स्किल इंडिया के सपने को साकार करने का मंच है। युवाओं को इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ बढ़-चढ़कर अपनी योग्यता का परचम लहराते हुए औद्योगिक कंपनियों में अपना स्थान बनाना चाहिए।

यह विचार बुधवार को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अनूपपुर में कौशल भारत- सशक्त भारत अंतर्गत आयोजित युवा संगम मेला अप्रेंटिसशिप/मेगा जॉब फेयर में युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त किए। जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से एवं युवाओं से चर्चा कर प्रोत्साहन प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने रोजगार मेला के विभिन्न प्रक्रियाओं का अवलोकन किया एवं रोजगार मेला में उपस्थित कंपनी प्रतिनिधियों एवं युवाओं से संवाद कर कंपनियों से जिले के युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने एवं ज्यादा से ज्यादा चयन करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने सपने सच करने व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जीवन में अनुशासन, आकांक्षा, व अथक प्रयास आवश्यक है उन्होंने कहा कि युवा अनुशासन को कायम रखकर अपनी पढ़ाई को निरंतर नई ऊंचाइयां दें। युवा सपने देखे तथा बड़े मुकाम को हासिल करने के लिए आगे बढ़े। करियर बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहने चाहिए।

जिला पंचायत की उपाध्यक्ष पार्वती बाल्मिक राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के शत प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के युवाओं को रोजगार की दिशा में यह पहला सार्थक सिद्ध होगी।

इस अवसर पर जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहा कि युवाओं को अपने उद्देश्य को स्वयं तय करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को जिले के उद्योगों में यथा उचित स्थान प्राप्त हो इस दिशा में समन्वित प्रयास जरूरी है उन्होंने सरकार द्वारा युवाओं को प्रतिबद्धता के साथ स्वावलंबी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की ।

अप्रेंटिसशिप/मेगा जॉब फेयर में विभिन्न क्षेत्रों की 20 कंपनियों-मदरसन सुमी अहमदाबाद एंड्राईड ड्राईवशाफ्ट पीथमपुर जीडीएक्स सिक्योरिटी नोएडा, आज्ञा ऑटो लिमिटेड, एमआरएफ टायर दहेज गुजरात बजाज ऑटो लिमिटेड पुणे टाटा मोटर्स गुजरात टेनको पीथमपुर महिंद्रा ऐंड महिंद्रा टू व्हीलर पीथमपुर धार, धूत ट्रांसमिशन पीतमपुर धार, कीर्ति इंडस्ट्रीज पीथमपुर धार, सुपर ऑटो लिमिटेड पुणे चाकन, इंडोरेक्स टेक्नोलॉजी पुणे, विक्टोरी प्राइवेट लिमिटेड पुणे, लर्नेट स्किल अनूपपुर, आई सेक्ट पीएमकेके अनूपपुर, एसआईएस सिक्योरिटी परसवार, ईसीएएम ग्रुप अनूपपुर, माता इंडिया देवास,आदि के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर युवाओं को उनकी पात्रता एवं रुचि के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु काउंसलिंग की एवं पात्र युवाओं का प्रारंभिक रूप से चयन किया। मेले में रोजगार हेतु इच्छुक 369 युवक-युवतियों ने अपना पंजीयन कराया, जिनमें से 202 युवक-युवतियों का प्रारंभिक चयन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story