अनूपपुर: परेशान किसानों ने चक्काजाम की दी चेतावनी, स्लॉट बुकिंग न होने और व्यापारियों के खरीदी नहीं करने पर
अनूपपुर, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में गेहूं खरीदी और बिजली समस्या से किसानों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में किसान एकता संघ ने अपर कलेक्टर दिलीप पांडेय को ज्ञापन सौंप कर गेहूं खरीदी और बिजली संकट के समाधान की मांग की। किसानों ने बताया कि पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग न होने और व्यापारियों के उपज न खरीदने पर आक्रोश व्यक्त किया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क जाम करेंगे।
स्लॉट बुक नहीं हो रहा, बारिश में भीगा हजारों क्विंटल गेहूं
किसानों ने बताया कि सरकारी पोर्टल पर तकनीकी खराबी के चलते गेहूं की स्लॉट बुकिंग बंद है। इसके कारण हजारों क्विंटल उपज मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहा है और खेतों व खलिहानों में पड़ा है। बेमौसम बारिश की वजह से गेहूं भीगकर खराब हो रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान और कर्ज बढ़ने का डर सता रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि स्थानीय व्यापारी गैर-पंजीकृत किसानों की उपज खरीदने से इनकार कर रहे हैं, जो कि पूर्व आदेशों का उल्लंघन है। इस दौरान स्लॉट बुकिंग की समस्या पर खाद्य आपूर्ति विभाग की अधिकारी अनीता सोरते और किसानों के बीच विवाद भी हुआ। अधिकारी ने समस्या को विभाग से संबंधित न बताकर पल्ला झाड़ लिया, जिस पर अपर कलेक्टर ने कलेक्टर से चर्चा का समाधान का आश्वासन दिया।
सिंचाई और घरेलू उपयोग हेतु निर्बाध बिजली की मांग
किसान एकता संघ ने अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा उठाते हुए बताया कि उन्हें वर्तमान में मात्र 10 घंटे बिजली मिल रही है। सिंचाई के लिए कुओं और ट्यूबवेल पर निर्भर किसानों को रात में खेतों में काम करना पड़ रहा है। सिंचाई के लिए कम से कम 18 से 20 घंटे और घरेलू उपयोग व बच्चों की शिक्षा के लिए 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है।
सीईओ जिला पंचायत ने 49 आवेदन पत्रों की सुनवाई
जिला स्तरीय जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने 49 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर प्राशी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनी।
जनसुनवाई के दौरान तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम बरांझ निवासी कुसुम बाई ने सीमांकन कराए जाने, तहसील अनूपपुर के ग्राम बैहाटोला निवासी केशव प्रसाद केवट ने नक्शा तरमीम कराए जाने, तहसील पुष्पराजगढ़ के ग्राम पड़रिया निवासी उमेश कुमार यादव ने मिनी आयल मशीन संचालन हेतु विद्युत कनेक्शन दिलाए जाने, तहसील कोतमा के ग्राम पकरिहा निवासी रामावतार दुबे ने भूमि रिकार्ड में सुधार कराए जाने, तहसील अनूपपुर के ग्राम छोहरी निवासी श्यामलाल यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने के संबंध में आवेदन दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

