अनूपपुर: केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को दिलाएं-सांसद
अनूपपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जनता की भलाई और समग्र विकास ही प्रशासन का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए। जनहितकारी योजनाओं और स्वरोजगार कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन कर अधिक से अधिक लोगों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन तथा अन्य विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से लोगों को जोड़े, पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिले तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
यह बात सोमवार को मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सांसद हिमाद्री सिंह की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित बैठक में पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा कहीं।
सांसद ने अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की स्थिति जानी तथा योजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान यदि कोई पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित पाया जाता है, तो उसे तत्काल लाभान्वित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। अनूपपुर जिला जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र है, इसलिए यहां बेहतर स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा योजनाओं की सघन मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे।
सांसद ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत संचालित नल जल योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि नल जल योजना के अंतर्गत संचालित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जांए, ताकि आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए जल संकट की स्थिति से बचने के लिए योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिले के खराब हैंडपंपों की अनिवार्य रूप से शीघ्र मरम्मत कराने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग करें और संधारण सामग्री की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही खराब नल जल योजनाओं के सुधार के संबंध में अधिकारियों ने अवगत कराया कि ग्राम पंचायतों को 15 वें वित्त आयोग की राशि से मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान किया जा सके।
बैठक के दौरान विभिन्न निर्माण विभागों के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की विभागवार समीक्षा के दौरान जल संसाधन विभाग के 36, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के 95, लोक निर्माण विभाग के 18, लोक निर्माण विभाग (भवन) के 45 तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के 64 सहित अन्य विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। सांसद द्वारा निर्देशित किया गया कि समस्त विकास एवं निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किया जाना चाहियें। कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के परीक्षण हेतु उनके द्वारा समय-समय पर क्षेत्रीय निरीक्षण कर कार्यों का स्थल सत्यापन किया जाए, जिससे जनसुविधाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
सांसद ने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत लगभग 188 विद्युत विहीन मजरे-टोला में विद्युत की तत्कालीन व्यवस्था बनाने तथा उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सांसद निधि के अंतर्गत स्थानीय क्षेत्र विकास योजना एवं सांसद स्वेच्छानुदान योजना की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग, मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट डिपार्मेंट, रेलवे सहित अन्य विभिन्न विभागों के योजनाओं एवं कार्यों के प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, कलेक्टर हर्षल पंचोली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, नगरपालिका परिषद अनूपपुर की अध्यक्ष अंजुलिका सिंह, नगर परिषद बरगवां (अमलाई) की अध्यक्ष गीता गुप्ता, दिशा के सदस्य श्रीमती गुड़िया रौतेल, हनुमान गर्ग सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि एवं सभी संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

