अनूपपुर: कन्या महाविद्यालय को मिला 86.57 लाख का अतिरिक्त बजट 2 माह में कार्य होगे पूर्ण

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: कन्या महाविद्यालय को मिला 86.57 लाख का अतिरिक्त बजट 2 माह में कार्य होगे पूर्ण


अनूपपुर: कन्या महाविद्यालय को मिला 86.57 लाख का अतिरिक्त बजट 2 माह में कार्य होगे पूर्ण


अनूपपुर: कन्या महाविद्यालय को मिला 86.57 लाख का अतिरिक्त बजट 2 माह में कार्य होगे पूर्ण


अनूपपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में 4 करोड़ 34 लाख रुपए की लागत से बन रहा सरकारी कन्या महाविद्यालय का नया भवन लगभग बनकर तैयार हो गया है।

हालांकि बिजली, सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को पूरा करने के लिए 86.57 लाख का अतिरिक्त बजट और मंजूर किया गया है। अब इस पूरे प्रोजेक्ट पर कुल मिलाकर 5 करोड़ 20 लाख 57 हजार रुपए खर्च होंगे। इस नए बजट से कॉलेज परिसर में ट्रांसफार्मर, फिनिशिंग, पहुंच मार्ग और पानी की सप्लाई के लिए मोटर पंप लगाने जैसे बेहद जरूरी काम निपटाए जाएंगे।

पैसों की तंगी से अटका था काम, नए सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

कन्या कॉलेज का निर्माण कार्य 26 सितंबर 2023 को शुरू हुआ था, जिसे मार्च 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन बीच में पैसों की कमी की वजह से काम की रफ्तार धीमी पड़ गई। अब इमारत लगभग तैयार है, बस बिजली फिटिंग, पानी का इंतजाम और पहुंच मार्ग का काम बाकी है। जब तक ये सुविधाएं पूरी नहीं हो जातीं, तब तक कॉलेज को नए भवन में शिफ्ट नहीं किया जा सकता।

चार कमरों में चल रहा कॉलेज, छात्राएं और स्टाफ परेशान

फिलहाल कॉलेज की कक्षाएं जिस जगह चल रही हैं, वहां सुविधाओं का भारी अकाल है। हॉस्टल में कहने को 10 कमरे हैं, लेकिन पढ़ाई-लिखाई का पूरा काम महज 4 कमरों में सिमटा हुआ है। कॉलेज में कला संकाय की पहली से चौथी कक्षा तक करीब 150 छात्राएं पढ़ रही हैं, जिनके लिए सिर्फ एक बड़ा हॉल और तीन छोटे कमरे ही उपलब्ध हैं।

जगह कम होने की वजह से छात्राओं को पढ़ाई करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कॉलेज में 9 प्रोफेसर और 8 अन्य कर्मचारी पदस्थ हैं, जिन्हें भी पर्याप्त जगह और दफ्तरी सुविधाएं न मिलने से काम निपटाने में दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि नए बजट से जल्द ही इन दिक्कतों से छुटकारा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

महाविद्यालय के प्राचार्य अनिल सक्सेना ने रविवार को बहुभाषी न्यूज एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि इमारत का ढांचा तो पूरा बन चुका है, लेकिन इन बचे हुए कामों की वजह से छात्राओं को अगले पढ़ाई के सत्र से ही नए भवन की सौगात मिल सकेगी। अधिकारियों का दावा है कि अगले दो महीनों के भीतर सारे काम पूरे कर लिए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763221 Articles

Share this story