अनूपपुर: अमरकंटक में 6 करोड़ की सड़क अधूरी, बीच सड़क पर बिजली के पोल बने दुर्घटना के कारण

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: अमरकंटक में 6 करोड़ की सड़क अधूरी, बीच सड़क पर बिजली के पोल बने दुर्घटना के कारण


अनूपपुर: अमरकंटक में 6 करोड़ की सड़क अधूरी, बीच सड़क पर बिजली के पोल बने दुर्घटना के कारण


अनूपपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के नर्मदा नगरी अमरकंटक में भारत सरकार की हुडको वित्तपोषित आईडीएसएमटी योजना के तहत लगभग 6 करोड़ की लागत से निर्मित सड़क योजना अधूरी पड़ी है। कारण सड़क के बीच में खड़े बिजली के खंभे लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

योजना शहडोल-अमरकंटक मुख्य मार्ग पर दोहरे सीमेंट-कंक्रीट सड़क निर्माण के लिए थी। वर्षों पहले नाका तिराहा से पुराने स्टेट बैंक शाखा, कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय, रेवा पेट्रोलियम और पुलिस थाना के सामने होते हुए पाल बंगला (अध्यक्ष निवास) तक सड़क का एक भाग बनाया गया था। हालांकि, सड़क का दूसरा भाग, जो नाका तिराहा से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सामने तक बनना था, लेकिन काम शुरू नहीं हो पाया।

खास बात है कि निर्मित मार्ग के बीचों-बीच तीन बिजली पोल हैं। सड़क का डिवाइडर इन खंभों तक पहुंचकर समाप्त हो जाता है, जिससे वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। रेवा पेट्रोलियम, पुलिस थाना के सामने और विद्युत मंडल पावर हाउस के समीप स्थित ये खंभे विशेष रूप से दुर्घटनाओं की आशंका को बढ़ाते हैं।

लोगों का कहना है कि इन खंभों के कारण हादसे हो चुकी हैं। इस संबंध में नगर परिषद, विद्युत विभाग और स्थानीय प्रशासन को कई बार सूचित किया जा चुका है, लेकिन न तो विद्युत पोलों को हटाया गया है और न ही निर्माण कार्य पूरा किया गया। नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इन विद्युत खंभों को हटाकर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया गया, तो गंभीर हादसा हो सकता है।

नगर परिषद सीएमओ चैन सिंह परस्ते ने गुरूवार काे बताया कि आईडीएसएमटी योजना बंद हो चुकी है। यह गंभीर समस्या है। भोपाल से लौटने के बाद वे संबंधित फाइल निकलवाकर सुधार संबंधी व्यवस्था करेंगे। उन्होंने कहा कि बिजली खंभों को हटवाने के लिए संबंधित विभाग को पत्र जारी किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story