सागर पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ सख्ती, गांव-गांव पहुंचकर चला रही अभियान

WhatsApp Channel Join Now
सागर पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ सख्ती, गांव-गांव पहुंचकर चला रही अभियान


सागर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध शराब के कारोबार और इसके दुष्प्रभावों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू किया है। युवा पीढ़ी और आम नागरिकों को अवैध शराब से बचाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के मामलों में किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी और जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए गांवों में विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत थाना प्रभारियों, बीट प्रभारियों और कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर गांवों के प्रमुख स्थानों पर लिखवाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण जरूरत पड़ने पर पुलिस से तत्काल संपर्क कर सकें।

बीट प्रभारियों को नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करने और जरूरत पड़ने पर रात्रि विश्राम करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस अधिकारी गांवों में जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर संवाद कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अवैध गतिविधियों की सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अवैध शराब के परिवहन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिले की सीमाओं और बाहरी मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आबकारी विभाग के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।

सागर पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब के सेवन, बिक्री और परिवहन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि नागरिकों का छोटा सा प्रयास भी किसी परिवार को अवैध शराब के दुष्परिणामों से बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story