राजगढ़ःभीषण गर्मी में युवाओं की अनोखी पहल,पक्षियों के लिए लगाए सकोरे-मटके
राजगढ़, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भीषण गर्मी के बीच जहां इंसान पानी के लिए परेशान हैं, वहीं ग्राम पंचायत आंबा के ग्राम नाईपुरिया और ग्राम बांकपुरा के युवाओं ने पक्षियों व मूक प्राणियों के लिए सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। गर्मी से बेहाल पक्षियों को राहत देने के उद्देश्य से युवाओं ने गुरुवार को गांव के सार्वजनिक स्थानों, चौपाल, पेड़ों तथा रास्तों के किनारे सकोरे और मिट्टी के मटके लगाकर उनमें पानी भरने की व्यवस्था की।
ग्राम नाईपुरिया में एबीवीपी नगर मंत्री राकेश सोंधिया के नेतृत्व में वीर सोंधिया, माखन परमार, अनमोल, अरविंद, दीपक, मोहित सहित अन्य युवाओं ने गांव में जगह- जगह पानी से भरे सकोरे लगाए। राकेश सोंधिया ने ग्रामीणों से अपील की कि बढ़ती गर्मी और जल संकट के दौर में पक्षियों और जीव-जंतुओं की सेवा करना हर नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ पौधारोपण तक सीमित नहीं, बल्कि जीवों के लिए जल और भोजन की व्यवस्था करना भी उतना ही जरूरी है।
इसी तरह ग्राम बांकपुरा में भी युवाओं ने अनोखी पहल करते हुए पेड़ों पर मिट्टी के मटके बांधकर उनमें पानी भरा, ताकि पक्षियों को तपती गर्मी में राहत मिल सके। इस अभियान में एबीवीपी के देवराज सोंधिया के साथ जीवन सोंधिया, विष्णु सोंधिया, कान्हा सोंधिया, आजाद सोंधिया और अन्य बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं ने गांव-गांव जाकर लोगों से भी घरों एवं आसपास पानी रखने की अपील की।दोनों गांवों में हुए इन सामाजिक अभियानों की ग्रामीणों ने सराहना की और कहा कि इस तरह की पहल समाज में संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाती है। युवाओं का यह प्रयास पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

