राजगढ़ः आरएसएस का युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः आरएसएस का युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित


राजगढ़, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से रविवार को युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संघ के प्रांत प्रचारक विमल गुप्ता ने युवाओं से देशहित, सकारात्मक सोच और रचनात्मक भूमिका के साथ समाज में बदलाव का माध्यम बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला संघ चालक महेश यादव सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। प्रांत प्रचारक गुप्ता ने संघ की स्थापना के उद्देश्यों, उसके निर्माण से पहले हिंदू समाज की स्थिति और वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में युवाओं के सामने अलग-अलग प्रकार के नैरेटिव और विचार प्रस्तुत किए जा रहे हैं। ऐसे में जरूरी है कि युवा किसी भी बात को बिना सोचे-समझे स्वीकार न करें और तथ्यों को परखने के बाद ही अपनी राय बनाएं।

प्रांत प्रचारक ने कहा कि संघ के 100 वर्ष पूरे होना केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन, आत्मावलोकन और आत्मचिंतन का समय है। इन वर्षों में देश और समाज में कई परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को देश के अतीत पर गौरव करने के साथ वर्तमान की चुनौतियों और समाज की पीड़ा को भी समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि संघ किसी का विरोधी नहीं है। भारत में रहकर देश विरोधी प्रवृत्तियों का विरोध किया जाना चाहिए। युवाओं को देश को आगे ले जाने में अपनी भूमिका तय करनी होगी।

प्रांत प्रचारक ने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रम और गलत नैरेटिव से युवाओं को सावधान किया। उन्होंने कहा कि भ्रम और गलत तथ्यों के जरिए युवाओं के विचारों को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे ‘दिमागी नक्सलवाद’ बताते हुए युवाओं से जागरूक रहने की अपील की। गुप्ता ने कहा कि इतिहास में बड़े बदलावों में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। युवा केवल उम्र से नहीं, बल्कि विचारों से होता है। कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story