राजगढ़ः बलराम कृषि महोत्सव में परोसे गए भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः बलराम कृषि महोत्सव में परोसे गए भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन


राजगढ़,11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कृषि उपज मंडी परिसर ब्यावरा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान किसानों को परोसे गए भोजन की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि महोत्सव में किसानों को घटिया, फफूंद लगा और बदबूदार भोजन परोसा गया।

मामले को लेकर युवा कांग्रेस विधानसभा ब्यावरा अध्यक्ष राजेश सौंधिया एवं ब्लॉक अध्यक्ष राजू सौंधिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एसडीएम गोविंद कुमार दुबे को ज्ञापन सौंपकर तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों के लिए आयोजित कार्यक्रम में भोजन की गुणवत्ता में इस तरह की लापरवाही गंभीर मामला है। उन्होंने भोजन एवं खाद्य सामग्री के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराने, भोजन तैयार करने और वितरण की जिम्मेदारी संभालने वाले लोगों की जवाबदेही तय करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भविष्य में किसानों और आमजन के स्वास्थ्य के साथ ऐसी लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए। कार्यक्रम में भोजन की व्यवस्था से जुड़े पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया,पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. भारत वर्मा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन अरोरा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष महेंद्र यादव, चैनसिंह गुर्जर, गादिया ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार जाट, कपिल शिवहरे सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं। उनके सम्मान और स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story