बृहस्पति कुंड में सेल्फी के दौरान युवक गहरी खाई में गिरा, 24 घंटे बाद मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
बृहस्पति कुंड में सेल्फी के दौरान युवक गहरी खाई में गिरा, 24 घंटे बाद मिला शव


पन्ना, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के पन्ना जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड में सेल्फी लेते समय एक युवक गहरी खाई में गिर गया। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार को उसका शव जलकुंड से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुखेंद्र उर्फ छोटू, निवासी राजगढ़ (थाना बृजपुर) के रूप में हुई है। वह रविवार को अपने पांच साथियों के साथ बृहस्पति कुंड घूमने आया था। इसी दौरान फोटो और सेल्फी लेते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सैकड़ों फीट गहरे जलकुंड में गिर गया।

घटना के बाद साथियों ने तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। तेज जलप्रवाह, अधिक गहराई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रविवार को सफलता नहीं मिल सकी। सोमवार को लगभग 24 घंटे बाद एसडीआरएफ ने युवक का शव जलकुंड से बाहर निकाला।

हाल के दिनों में ग्लास ब्रिज शुरू होने के बाद बृहस्पति कुंड में पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। इसके साथ ही खतरनाक स्थानों पर जाकर सेल्फी और वीडियो बनाने की प्रवृत्ति भी बढ़ी है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश और प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं, लेकिन इनके पालन को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पर्यटकों से पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन करने और जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

Share this story