अनूपपुर: चोरी के डर से कुएं से मोटरपंप निकालते युवक को लगा करंट, मौत
अनूपपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदुरी में गुरुवार की रात कुएं से मोटरपंप निकालते समय करंट लगने से 30 वर्षीय युवक हीरालाल बैगा पुत्र लालमन बैगा की मृत्यु हो गई। चोरी की आशंका के चलते युवक रात में मोटरपंप बाहर निकाल रहा था। शुक्रवार सुबह जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी कविता बैगा ने बताया कि घर के पीछे स्थित बाड़ी के पुराने कुएं में मोटरपंप लगा था। गुरुवार की सुबह हीरालाल ने सब्जी की फसल की सिंचाई की थी। रात में चोरी की आशंका के कारण मोटरपंप निकालने कुएं पर गया था। कविता बैगा के अनुसार, उसी समय उनकी ननद बाड़ी की ओर जा रही थी। उसने हीरालाल को कुएं के पास जमीन पर पड़ा देखा और शोर मचाकर परिवार को बुलाया। मौके पर पहुंचने पर हीरालाल मोटरपंप की तार पकड़े पड़ा था और पंप भी उसके पास गिरा हुआ था। परिजनों ने पहले बिजली का कनेक्शन बंद कराया, फिर हीरालाल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि हीरालाल मोटरपंप निकालने के बाद उसका पावर स्विच ठीक कर रहा था, लेकिन उसने बिजली के मेन पावर बोर्ड से कनेक्शन बंद नहीं किया था। इसी दौरान करंट लग गया। जिला चिकित्सालय पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी मंशाराम मार्को ने बताया कि देर रात होने के कारण गुरुवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

