अनूपपुर: कुएं की सफाई के दौरान युवक की करंट लगने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: कुएं की सफाई के दौरान युवक की करंट लगने से मौत


अनूपपुर, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के खांडा गांव में शुक्रवार दोपहर कुएं की सफाई के दौरान करंट लगने से 40 वर्षीय दालचंद महरा की मौत हो गई। हादसे में उनका मझला भाई तीरथ महरा भी करंट का झटका लगने से घायल हो गया। परिजनों ने दालचंद को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घायल तीरथ महरा ने बताया कि बारिश से पहले वे अपने घर के कुएं की सफाई कर रहे थे। पहले मोटर पंप से कुएं का पानी खाली किया गया और फिर पंप बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद मजदूर कुएं के अंदर से कचरा खोदकर बाल्टी में भर रहे थे, जिसे दोनों भाई ऊपर खींच रहे थे। इसी दौरान दालचंद का पैर पास ही रखे मोटर पंप के तार पर पड़ गया, जिसका स्विच बोर्ड से बंद नहीं किया गया था। तार कटा होने के कारण उन्हें तेज करंट लगा और वे बेहोश हो गए।

अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के दाहिने हाथ के अंगूठे और उंगली पर झुलसने के निशान मिले हैं, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक दालचंद महरा पेशे से दीवार पुट्टी के ठेकेदार थे और उनके परिवार में पत्नी सहित दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story