शहडोल: मिट्टी धंसने से युवक की मौत, जेसीबी से निकाला गया शव; परिजनों को पांच हजार की सहायता
शहडोल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र के सुखाड़ गांव स्थित नौवघटा घाट में सोमवार को मिट्टी की खोदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 25 वर्षीय शनि कोल की दबकर मौत हो गई। जेसीबी की मदद से युवक को बाहर निकाला गया। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने परिजनों को तत्काल पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।
जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र के सुखाड़ गांव स्थित नौवघटा घाट में मिट्टी की खोदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी धंसने से नीचे दबकर 25 वर्षीय युवक शनि पिता शेखा कोल की मौत हो गई। हादसे के समय मौके पर अन्य लोग भी मौजूद थे। मिट्टी अचानक धंसने लगी तो वहां मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन शनि कोल मिट्टी के नीचे दब गया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही देवलौंद थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। युवक को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद उसे मिट्टी से बाहर निकाला गया। मौके पर डॉक्टरों की टीम भी पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही गांव के लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
कलेक्टर ने लिया संज्ञान, मौके पर अधिकारियों की टीम ने लिया जायजा, निर्माण एजेंसी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज
देवलौंद थाना अंतर्गत लैंड स्लाइड की घटना में एक व्यक्ति की मौत होने पर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने तत्परता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर दुर्घटना का जायजा लेने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की स्थिति का निरीक्षण किया तथा आवश्यक कार्रवाई की।
घटना के संबंध में निर्माण एजेंसी के विरुद्ध देवलौंद थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कलेक्टर ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए तत्काल 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। साथ ही उन्होंने कहा कि शासन के नियमानुसार पात्रता के आधार पर मृतक के परिवारजनों को शीघ्र ही सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

